दरभंगा: नगर विकास मंत्री जीवेश कुमार ने रविवार को प्रेस वार्ता कर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव को नोटिस भेजने की तैयारी चल रही है और उनके खिलाफ दो से तीन मुकदमे किए जाएंगे। मंत्री जीवेश कुमार यह बयान दरभंगा सर्किट हाउस में उस घटना को लेकर सफाई देते हुए दे रहे थे, जिसमें शनिवार रात एक यूट्यूबर दिलीप कुमार सहनी के साथ मारपीट हुई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि जाले विधानसभा से 2020 का चुनाव लड़ चुके डॉ. मसकुर अहमद रहमानी ने उनकी हत्या की साजिश रची थी। उन्होंने कहा कि “भगवान की कृपा से उनकी जान बच गई।” जीवेश कुमार ने बताया कि निजी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष और स्कॉर्ट वाहन के साथ वहां से निकल गए थे। ऐसे में सवाल उठता है कि जब थानाध्यक्ष के साथ वे घटना स्थल से निकल गए थे, तो बाद में तेजस्वी यादव के थाना पहुंचने पर उनके खिलाफ एफआईआर कैसे दर्ज हुई।
उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन की सरकार है, जांच होगी और यदि वे दोषी पाए जाते हैं तो सजा भुगतने को तैयार हैं। तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए मंत्री ने कहा कि जिस “निर्लज्जता” के साथ वे सिंहवाड़ा आए थे, उसी गंभीरता से मुजफ्फरपुर के कांटी जाकर इसराइल मंसूरी के मामले में भी पीड़ित परिवार से मिलें। साथ ही, चंपा विश्वास के परिवार से माफी मांगें। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्रीय चैनल के पत्रकार को मुक्का मारने के मामले में भी तेजस्वी यादव को क्षमा मांगनी चाहिए।







