लखीसराय: लखीसराय जिले के बड़हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत गैस गोदाम के पास शुक्रवार देर शाम अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए खुशबू पुस्तक भंडार के संचालक शत्रुघ्न साव (48) की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक लोहरा निवासी स्व. विरन साव के पुत्र बताए जाते हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार शत्रुघ्न साव रोज की तरह शुक्रवार की शाम दुकान बंद कर अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने पीछे से गोली मार दी। गोली उनकी पीठ में लगने के बाद वे सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में रेफरल अस्पताल बड़हिया ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अनिल ठाकुर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। बाद में परिजन शव को लेकर सदर अस्पताल लखीसराय पहुंचे, लेकिन यहां डॉक्टरों द्वारा जांच के दौरान परिजनों ने आक्रोश में जमकर हंगामा किया और बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को वापस बड़हिया ले गए। इस दौरान अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना के कारणों को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है।
ग्रामीणों ने बताया कि शत्रुघ्न साव मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे तथा उनकी किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं थी। पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जिले में हुई इस वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो क्षेत्र में तनाव और भय का माहौल और गहरा सकता।







