पटना: सीतामढ़ी जिले के पुनौराधाम स्थित जानकी मंदिर के शिलान्यास अवसर पर देशभर से आने वाले संतों के लिए महावीर मंदिर द्वारा संचालित ‘सीता रसोई’ की ओर से निःशुल्क भोजन (प्रसाद) की विशेष व्यवस्था की गई है। शिलान्यास समारोह आज 8 अगस्त को आयोजित होगा। इस मौके पर भक्तों के बीच 12 हजार नवैद्यम लड्डुओं का वितरण भी किया जाएगा। यह जानकारी बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद व महावीर मंदिर न्यास समिति के सदस्य सायन कुणाल ने दी।
उन्होंने बताया कि संतों के लिए खीर, कचौड़ी, सब्जी, चटनी, रोटी और बिना चीनी की खीर का विशेष प्रसाद तैयार किया गया है। भोजन की व्यवस्था महंत कौशल किशोर दास के आवासीय परिसर में की गई है, जहां लगभग 1500 से 2000 संतों के आने की संभावना है। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गौरतलब है कि 22 जनवरी 2017 से आचार्य किशोर कुणाल की पहल पर पुनौराधाम जानकी मंदिर परिसर में भक्तों के लिए नियमित रूप से निःशुल्क ‘सीता रसोई’ संचालित की जा रही है।
इसके साथ ही महावीर मंदिर की ओर से अयोध्या में भी ‘राम रसोई’ की व्यवस्था की गई है, जहां प्रतिदिन 10 हजार से अधिक भक्त प्रसाद ग्रहण करते हैं। उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार ने माता सीता की जन्मभूमि के विकास के लिए 882 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृत की है। पुनौराधाम को अयोध्या के राममंदिर मॉडल पर विकसित किया जाएगा।







