
बेतिया: नरकटियागंज अनुमंडल क्षेत्र के महुअवा गांव में एक 28 वर्षीय विवाहिता ने अश्लील वीडियो वायरल होने से आहत होकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान अफसाना खातून के रूप में हुई है। शुक्रवार देर रात उसने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह जब परिजनों ने दरवाजा नहीं खुला देखा, तो दरवाजा तोड़ा गया, जहां अफसाना का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि अफसाना पिछले दस दिनों से मानसिक तनाव में थी। उन्होंने बताया कि अश्लील वीडियो वायरल होने की शिकायत शिकारपुर और रामनगर थानों में दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। परिजनों का आरोप है कि वीडियो वायरल करने वाले युवक के डर और सामाजिक बदनामी के चलते अफसाना ने आत्मघाती कदम उठाया। उनका कहना है कि अगर समय रहते पुलिस ने कार्रवाई की होती, तो आज अफसाना जिंदा होती।
वहीं, शिकारपुर थाना पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर संदिग्ध काले निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मामले की जांच आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं से की जा रही है। शिकारपुर थाना प्रभारी ने बताया कि मामला बेहद संवेदनशील है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पुलिस का कहना है कि जिसने भी महिला को आत्महत्या के लिए उकसाया है, उसके खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस की भूमिका और संभावित लापरवाही की भी जांच की जा रही है।






