नालंदा: जिले के सिलाव थाना क्षेत्र स्थित एकसारी गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक 18 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान निरंजन महतो की पुत्री विद्या भारती के रूप में हुई है, जो स्नातक पार्ट वन की छात्रा थी। मृतका के पिता निरंजन महतो ने बताया कि उनकी बेटी गांव के ही युवक छोटू से प्रेम करती थी। दो दिन पहले जब वे गुजरात से घर लौटे तो उन्हें इस प्रेम संबंध की जानकारी हुई।
बेटी ने बताया कि छोटू उसे छोड़कर कहीं भाग गया है। इसके बाद उन्होंने छोटू के घर जाकर बातचीत की। वहां युवक और उसके पिता विवाह के लिए तैयार हो गए, लेकिन उसकी मां ने इससे इनकार कर दिया। इसी दौरान विद्या के मोबाइल पर एक कॉल आया, जिसमें कथित रूप से उसे कहा गया कि या तो दो बीघा जमीन लिखवा दो या फांसी लगाकर जान दे दो। निरंजन महतो का आरोप है कि खुद छोटू ने भी उनसे फोन पर बात कर कहा कि वह तीन साल बाद शादी करेगा, जबकि उसके पिता ने दो दिन का समय मांगा था। शनिवार सुबह विद्या का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला।
परिजनों ने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से छोटू के साथ प्रेम-प्रसंग में थी। युवक के परिजन शादी से इनकार कर रहे थे, जिससे आहत होकर युवती ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही सिलाव थाना अध्यक्ष इरफान खान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।







