
किशनगंज: किशनगंज के कुख्यात अपराधियों में शामिल 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी मोहम्मद नसीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई जिला खुफिया इकाई (DIU) किशनगंज और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त टीम ने की। नसीम कोचाधामन थाना क्षेत्र के बुढ़ीमारी गांव में 1 से 2 फरवरी 2024 की रात हुई डकैती और पुलिस पर हमले के मामले में वांछित था। घटना के दौरान जब पुलिस की गश्ती टीम मौके पर पहुंची, तो अपराधियों ने गोलियां चलाईं और बम से हमला कर दिया। इस हमले में एक जवान घायल हो गया था। इस मामले में कोचाधामन थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई थीं।
पहली प्राथमिकी डकैती से संबंधित थी, जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 395 और 397 के साथ आर्म्स एक्ट की धारा 27 और विस्फोटक अधिनियम की धारा 3/4 लगाई गई थी। दूसरी प्राथमिकी पुलिस पर हमले को लेकर दर्ज की गई, जिसमें धारा 353, 307 और 34 के अलावा आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम की धाराएं शामिल थीं। अब तक इस मामले में कुल 10 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। एक अन्य आरोपी आदिल उर्फ बाबर पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। नसीम इस कांड का अंतिम फरार अभियुक्त था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहम्मद नसीम किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की नीयत से कोचाधामन थाना क्षेत्र में आने वाला है।
एसपी अमितेश कुमार सागर के निर्देश पर डीआईयू किशनगंज, एसटीएफ और एसओजी-2 पूर्णिया की संयुक्त टीम ने भवानीगंज सड़क पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर नसीम भागने लगा, लेकिन मस्तलिया गांव के पास उसे खदेड़कर पकड़ लिया गया। एसडीपीओ गौतम कुमार ने बताया कि मोहम्मद नसीम पूर्व में भी आर्म्स एक्ट, विस्फोटक अधिनियम और लूट जैसे कई गंभीर मामलों में वांछित रहा है। उसके विरुद्ध पहले ही आरोप-पत्र समर्पित किया जा चुका है। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई में तकनीकी शाखा के प्रमोद कुमार, रवि रंजन, कन्हैया कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।






