
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के एक मंदिर में एक नवविवाहिता महिला ने अपने पति को छोड़कर अपने बचपन के दोस्त से शादी कर ली है। यह महिला दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली है और उसका यह दोस्त भी उसी जिले का है। दोनों ने हिंदू रीति-रिवाजों से मंदिर में शादी रचाई और अब कोर्ट मैरिज करने की बात कही है। शादी करने पहुंची नवविवाहिता ने बताया कि उसके माता-पिता और भाई ने जबरन उसकी शादी कर दी थी, जिसके बाद से वह लगातार प्रताड़ना का शिकार होने लगी।
जब इस बात की जानकारी उसके बचपन के दोस्त को मिली, तो वह उसे अपनाने को तैयार हो गया। वह शादीशुदा महिला से भी शादी करने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद दोनों ने मुजफ्फरपुर के एक मंदिर में शादी कर ली। महिला का कहना है कि वह पूरी जिंदगी अपने इस प्रेमी के साथ ही रहेगी। दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली प्रियंका कुमारी ने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी शादी जबरन कर दी गई थी, जिससे वह नाराज थी। परिवार वालों ने बताया था कि लड़का बहुत अच्छा है और नौकरी करता है, लेकिन जब वह ससुराल आई तो देखा कि वह दिव्यांग था और कोई काम नहीं करता था।
उसने अपने परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी दी, लेकिन उन्होंने उसकी कोई मदद नहीं की। महिला ने कहा कि उसके पति और ससुराल के लोग उसे ही प्रताड़ित कर रहे थे। तीन साल तक सब कुछ सहने के बाद उसने आत्महत्या की ठानी। उसने अपने बचपन के दोस्त सीताराम साह को अपनी परेशानी बताई। सीताराम ने उसे आत्महत्या करने से रोका और फिर दोनों ने एक साथ जीवन बिताने का फैसला कर मंदिर में शादी कर ली है। वे अब कोर्ट में भी शादी करने जा रहे हैं। प्रियंका ने यह भी कहा कि वह यह काम पूरे होश और अपने विवेक से कर रही है। वहीं, उसने अपनाने वाले युवक सीताराम साह ने बताया कि प्रियंका से उसकी पुरानी दोस्ती थी। शादी के बाद वे लोग दूर हो गए थे, लेकिन कुछ समय पहले मुलाकात हुई तो प्रियंका ने अपनी परेशानी बताई। इसके बाद दोनों ने एक साथ अपना जीवन बिताने का तय किया और मंदिर में शादी कर ली है।






