
पूर्णिया: पूर्णिया में सिपाही भर्ती परीक्षा-2025 के दौरान एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। जिला मुख्यालय के एक परीक्षा केंद्र पर दो युवक दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के लिए आए तो पकड़े गए। पुलिस ने इन आरोपी युवकों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही, इस फर्जीवाड़े में शामिल असली अभ्यर्थियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार किए गए फर्जी अभ्यर्थी सीतामढ़ी जिले के लक्ष्मणियांपुर निवासी विनोद चौधरी के बेटे रोहित कुमार और सीतामढ़ी जिले के कनोली निवासी हरि नारायण महतो के बेटे पंकज कुमार हैं।
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब बुधवार सुबह परीक्षा शुरू होने के तुरंत बाद केंद्र पर तैनात मजिस्ट्रेट ने सभी परीक्षार्थियों के आधार कार्ड और प्रवेश पत्र का मिलान करना शुरू किया। इसी दौरान दो युवकों की पहचान को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ। पूछताछ के बाद जब उन्हें आधार प्रमाणीकरण के लिए भेजा गया, तो फिंगरप्रिंट मिलान में उनकी असली पहचान उजागर हो गई। नकल करने के आरोप में ब्राइट करियर स्कूल के केंद्र अधीक्षक ने दोनों परीक्षार्थियों को निष्कासित कर मरंगा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। मरंगा थाना के अपर थानाध्यक्ष विश्वाकांत ने बताया कि फर्जी अभ्यर्थियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वहीं, इस फर्जीवाड़े में शामिल असली अभ्यर्थियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। इससे पहले भी एसएससी की परीक्षा में नकल करने के आरोप में 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें परीक्षार्थी और केंद्र के अधिकारी शामिल थे। ये गिरफ्तारियां पूर्णिया के डिजिटल परीक्षा केंद्र में हुई थीं, जहां आरोपियों ने बायोमेट्रिक सत्यापन को बाईपास करने और ‘सॉल्वर’ (दूसरों के स्थान पर परीक्षा देने वाले) के माध्यम से परीक्षा देने जैसे तरीकों से नकल की थी।






