
शेखपुरा: बिहार के शेखपुरा जिले में सोमवार को वंदे भारत ट्रेन एक हादसे का शिकार हो गई। नवादा से क्यूल की ओर जा रही वंदे भारत ट्रेन शेखपुरा जंक्शन पार करने के बाद जखराज स्थान रेलवे फाटक के पास दो भैंसों से टकरा गई। इस दौरान भैंसों को बचाने की कोशिश कर रहे पशुपालक ट्रेन की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। अचानक दो भैंसें रेलवे ट्रैक पर आ गईं, जिन्हें बचाने के लिए 50 वर्षीय गोपाल यादव, निवासी कच्ची रोड (नगर थाना क्षेत्र), पटरी पर पहुंचे।
तभी वंदे भारत ट्रेन की जोरदार टक्कर से मौके पर ही गोपाल यादव की मौत हो गई। घटना में उनके दोनों भैंसों की भी जान चली गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मृतक का शव क्षत-विक्षत हो गया। हादसे के बाद लोको पायलट ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। अचानक ब्रेक लगने से ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई। टेक्निकल टीम ने प्राथमिक जांच के बाद ट्रेन को दो मिनट में ही रवाना कर दिया। हालांकि, ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त पाया गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रेलवे प्रशासन को लेकर आक्रोश देखा गया।
लोगों का कहना है कि हाई-स्पीड वंदे भारत ट्रेन को क्यूल-गया रेलखंड पर बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतज़ाम के चला दिया गया है। ट्रेन की रफ्तार आमतौर पर 95-100 किलोमीटर प्रति घंटा होती है, जबकि शेखपुरा के इस क्षेत्र में रेल पटरी के दोनों ओर घनी आबादी है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि रेलवे ने अब तक न तो बैरिकेडिंग की है और न ही अंडरपास या अन्य सुरक्षा उपाय किए हैं। लोगों ने मांग की है कि इस रेलखंड पर सुरक्षा के मानकों को जल्द लागू किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं रोकी जा सकें। रेलवे प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।






