मोतिहारी: मोतिहारी के बंजरिया थाना क्षेत्र में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने पूरी रात छापेमारी कर मुख्य आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। जानकारी के अनुसार, बंजरिया थाना क्षेत्र के सिस्वनिया गांव निवासी सकील अहमद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पीड़िता तथा आरोपी को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया है।
बताया जा रहा है कि जाटवा गांव में एक शादी समारोह से लौट रही सुगौली थाना क्षेत्र के श्रीपुर भटवलिया गांव की किशोरी अपने भाई के साथ बाइक से घर जा रही थी। इसी दौरान शुक्रवार रात करीब आठ बजे अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के दौरान किशोरी का भाई जब विरोध करने लगा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर गश्त कर रही 112 टीम पहुंची। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की कर भागने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद मौके पर पहुंची बंजरिया पुलिस ने हालात को संभालते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो ने बताया कि अभी मेडिकल रिपोर्ट नहीं आई है। पीड़िता की मां ने थाने में लिखित आवेदन दिया है, जबकि पीड़िता ने भी अपने बयान में घटना की जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।







