
बिहार: केंद्रीय जल शक्ति राज्यमंत्री राजभूषण चौधरी निषाद ने मुजफ्फरपुर जिले में बाढ़ की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए और सभी अधिकारी किसी भी परिस्थिति के लिए पूरी तरह अलर्ट रहें। आज एक बैठक के दौरान, मंत्री निषाद ने जल संसाधन विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग को इस दिशा में लगातार कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार का भी यही निर्देश है, इसलिए आम जनता की परेशानियों का विशेष ध्यान रखा जाए। राजभूषण चौधरी निषाद ने कहा कि अभी बाढ़ की संभावना है और मुजफ्फरपुर के कई प्रखंड इसकी चपेट में आते हैं।
ऐसे में जिले के सभी अधिकारी अलर्ट मोड में काम करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि जो भी तटबंध खराब या क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें तुरंत दुरुस्त किया जाए। इसके लिए लगातार निगरानी भी की जा रही है। मुजफ्फरपुर जिले के औराई, कटरा और बंदरा प्रखंड क्षेत्र को बागमती नदी से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र माना जाता है। इसके अलावा, बूढ़ी गंडक नदी से मीनापुर, बंदरा और मुशहरी प्रखंड प्रभावित होते हैं।
वहीं, गंडक नदी से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में साहेबगंज, पारू और सरैया शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस बार बाढ़ की संभावना को देखते हुए अधिकारी पूरी तरह से मुस्तैद रहेंगे। अंचल अधिकारी से लेकर जिला अधिकारी तक इस मामले में लगातार क्षेत्र का दौरा कर रिपोर्ट देंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बाढ़ से कोई हताहत न हो और लोगों की परेशानी कम हो। उन्होंने बताया कि जिले में इसको लेकर सभी तरह की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में कोई दुर्घटना न हो। राज्य सरकार का भी इस दिशा में सख्त निर्देश है कि बाढ़ में किसी भी आम आदमी को परेशानी का सामना न करना पड़े।






