
सासाराम : रोहतास जिले के डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव में खेत में मिट्टी काटने के दौरान करंट लगने से एक व्यक्ति की दुखद मौत हो गई। मृतक की पहचान दुर्गापुर गांव निवासी गनौरी राम के 40 वर्षीय पुत्र सुधीर राम के रूप में हुई है। सुधीर राम खेती-बाड़ी और ट्रैक्टर चलाने का काम करते थे। सुधीर राम अपने खेत मालिक के कहने पर खेत से मिट्टी निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे खेत के समीप से गुजर रहे नंगे बिजली के तार पर गिर गए, जिससे करंट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद खेत मालिक के पुत्र ने जब गांव जाकर इसकी सूचना दी, तो ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक सुधीर राम की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन दहाड़ें मारकर रोने लगे। जानकारी के अनुसार, मृतक सुधीर राम के चार पुत्र और एक पुत्री हैं। उनके अचानक चले जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस मामले में डेहरी मुफस्सिल थाने की पुलिस ने बताया कि खेत पर काम करने के दौरान एक व्यक्ति की करंट लगने से मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और फिर परिजनों को सौंप दिया।






