बिहार: कटिहार जिले के गेराबारी बस्ती में स्थित लगभग 150 साल पुराने ठाकुरबाड़ी मंदिर से अष्टधातु की बेशकीमती मूर्तियों की चोरी ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। चोरी हुई मूर्तियों में प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी की प्रतिमाएं शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर में ग्रामीणों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है और यह सिर्फ मूर्तियों की चोरी नहीं, बल्कि उनकी आस्था और भावना पर हमला है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरी हुई मूर्तियों और उनके सिंहासन का कुल वजन दो कुंटल से अधिक था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि यह कार्य एक अकेले व्यक्ति का नहीं हो सकता। ग्रामीणों का मानना है कि यह एक सुनियोजित साजिश है, जिसमें कई लोग शामिल थे और इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय भी लगा होगा। स्थानीय लोगों ने घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस से विशेष जांच टीम (SIT) गठित करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़े आंदोलन की तैयारी करेंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मंदिर परिसर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मूर्तियों को बरामद कर लिया जाएगा और दोषियों को कानून के हवाले किया जाएगा।







