Home बिहार बिहार: राजद विधायक रीतलाल यादव के ठिकानों पर छापेमारी, सभी नामजद आरोपी...

बिहार: राजद विधायक रीतलाल यादव के ठिकानों पर छापेमारी, सभी नामजद आरोपी फरार, गांव में पुलिस छावनी

525
0
Bihar: Raids on RJD MLA Ritlal Yadav's hideouts, all named accused absconding, police camp in the village

पटना : दानापुर के राजद विधायक रीतलाल यादव के कई ठिकानों पर पटना पुलिस ने बीती रात बड़ी छापेमारी की। यह कार्रवाई सिटी एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में की गई। इसमें 12 थानों की पुलिस, दो डीएसपी, फुलवारी शरीफ और दानापुर के एसडीपीओ तथा स्पेशल फोर्स की टीमें शामिल रहीं। पुलिस की यह कार्रवाई विधायक और उनके सहयोगियों के खिलाफ एक ठेकेदार द्वारा की गई लिखित शिकायत के आधार पर की गई। ठेकेदार का आरोप है कि वह खगौल थाना क्षेत्र में वैध एग्रीमेंट के तहत एक बिल्डिंग का निर्माण करा रहा था, जिसे जबरन रुकवा दिया गया। साथ ही, निर्माणाधीन चहारदीवारी को तोड़ दिया गया और बिल्डिंग के अंदर भी तोड़फोड़ की गई। शिकायत की पुष्टि के बाद पुलिस ने विधायक रीतलाल यादव और उनके सहयोगियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छापेमारी शुरू की।

देर रात शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान दानापुर अनुमंडल के कोथवां गांव सहित अन्य स्थानों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। छापेमारी के दौरान सभी नामजद आरोपी फरार मिले। किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस संयुक्त छापेमारी में दानापुर, खगौल, रूपसपुर, मनेर, नेउरा, पाटलिपुत्र, मालसलामी, शाहपुर समेत कुल 12 थानों की पुलिस शामिल रही। गांव में पुलिस की भारी मौजूदगी के कारण दहशत और तनाव का माहौल बना रहा। हालांकि किसी प्रकार की हिंसा या टकराव की सूचना नहीं है। ज्ञात हो कि राजद विधायक रीतलाल यादव पहले से ही न्यायिक हिरासत में हैं। उन्होंने 17 अप्रैल 2025 को दानापुर कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद से वे जेल में बंद हैं। सिटी एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई जारी रहेगी।

GNSU Admission Open 2026

आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय से वारंट लेकर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच पूरी गंभीरता से की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। छापेमारी में सिटी एसपी (पश्चिमी) के साथ फुलवारीशरीफ डीएसपी दीपक कुमार, दानापुर डीएसपी टू पंकज कुमार मिश्रा समेत मनेर, रूपसपुर, दानापुर सहित 12 थानों की पुलिस टीम शामिल रही।


GNSU Admission Open 2026