
बिहार: मुंगेर के धरहरा थाना क्षेत्र के माताडीह पंचायत अंतर्गत निमियाटांड़ में करोड़ों की लागत से बन रहे पंचायत भवन में रविवार रात बदमाशों ने हमला कर दिया। बाइक सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने निर्माण स्थल पर सो रहे मजदूरों के साथ मारपीट की और ठेकेदार से पांच लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। रंगदारी नहीं देने पर काम बंद कराने की धमकी भी दी। दहशत फैलाने के लिए बदमाशों ने पंचायत भवन परिसर में आधा दर्जन राउंड फायरिंग भी की। घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार सुबह धरहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया।
पुलिस ने मजदूरों से पूछताछ कर पूरी जानकारी जुटाई। घटनास्थल पर मौजूद मजदूरों ने बताया कि वे लोग सो रहे थे तभी रात करीब 11 बजे चार की संख्या में हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने धमकी दी कि ठेकेदार से कहो कि पांच लाख रुपये की रंगदारी दे, तभी काम चालू रहेगा। रंगदारी नहीं देने पर काम बंद करवा देंगे और सभी मजदूरों को यहां से भगा दिया जाएगा। इसके बाद बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। निर्माण कार्य एजेंसी के मालिक अजीत कुमार ने बताया कि मजदूरों से घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल धरहरा थाना को सूचना दी गई।
उनके आवेदन पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने जानबूझकर दहशत फैलाने के मकसद से फायरिंग की है, जिससे मजदूर डरकर काम बंद कर दें। धरहरा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटनास्थल से बरामद खोखों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच भी की जा रही है।






