प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद Uttar Pradesh Madhyamik Shiksha Parishad (UPMSP) आज 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम जारी करने जा रहा है। करीब 52 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं का इंतजार आज खत्म होगा। परिणाम बोर्ड मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद घोषित किए जाएंगे, जिसके तुरंत बाद आधिकारिक वेबसाइट पर लिंक सक्रिय कर दिया जाएगा। छात्र अपने परिणाम DigiLocker के माध्यम से भी आसानी से देख सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने आधार से लिंक मोबाइल नंबर और रोल नंबर की आवश्यकता होगी। DigiLocker पर उपलब्ध डिजिटल मार्कशीट को पूरी तरह वैध और प्रमाणिक माना जाता है। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र सबसे पहले DigiLocker की वेबसाइट या ऐप पर लॉगिन करें। इसके बाद ‘Board Results’ सेक्शन में जाकर ‘Uttar Pradesh Board of High School and Intermediate Education’ का चयन करें। फिर परीक्षा वर्ष 2026 और कक्षा (10वीं या 12वीं) चुनकर आवश्यक विवरण जैसे रोल नंबर, जन्म तिथि या माता का नाम भरें। ‘Submit’ पर क्लिक करते ही परिणाम स्क्रीन पर दिखाई देगा, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट भी किया जा सकता है। जो छात्र पहले से DigiLocker में पंजीकृत नहीं हैं, वे अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से आसानी से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। लॉगिन के बाद ‘Issued Documents’ सेक्शन में जाकर डिजिटल मार्कशीट प्राप्त की जा सकती है। गौरतलब है कि यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थीं, जबकि कॉपियों का मूल्यांकन कार्य 18 मार्च से 4 अप्रैल तक चला। छात्र-छात्राओं को सलाह दी गई है कि वे परिणाम से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट और विश्वसनीय प्लेटफॉर्म का ही उपयोग करें।







