Tragic incident in Bihar: Dead body found the next morning after daughter's call

वैशाली: वैशाली जिले के काजीपुर थाना क्षेत्र के असाधरपुर गांव में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल से बरामद किया गया है। महिला की मौत की खबर फैलते ही गांव में काफी संख्या में लोग जुट गए। सूचना मिलते ही काजीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के परिजनों से पूछताछ के बाद मामले की जांच में जुट गई। मृतका की पहचान असाधरपुर गांव निवासी सुमन कुमार की पत्नी गुंजन कुमारी के रूप में हुई है। इस संबंध में मृतका के पिता रामेश्वर पासवान ने बताया कि गुंजन की शादी वर्ष 2020 में सुमन कुमार के साथ हुई थी।

शादी के कुछ वर्षों बाद से ही दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गुरुवार की रात गुंजन ने फोन कर बताया था कि सुमन किसी लड़की को घर लेकर आया है। इसी बात को लेकर मृतका के पिता अपने परिजनों के साथ बेटी के ससुराल जाने के लिए निकल ही रहे थे कि तभी फोन पर सूचना मिली कि गुंजन की मौत हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया। जब परिजन ससुराल पहुंचे तो देखा कि गुंजन का शव संदिग्ध अवस्था में घर में पड़ा था और उसकी गर्दन पर फंदे का निशान था। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उसके पति ने गला दबाकर उसकी हत्या की है और घटना को अंजाम देने के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग फरार हो गए।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA

घटना की सूचना मिलते ही काजीपुर थाना प्रभारी विजय कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस दौरान एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच के दौरान कुछ सैंपल एकत्र कर अपने साथ ले गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस संबंध में काजीपुर थाना प्रभारी ने बताया कि असाधरपुर गांव में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ससुराल से बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।