शादी से पहले चोरी का वार: 6 मई को उठनी थी बिटिया की डोली, लाखों के गहने लेकर फरार हुए चोर, 3 घरों को बनाया निशाना

गोपालगंज। भोरे थाना क्षेत्र के सबेया गांव में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। बेखौफ चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाते हुए करीब 17 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे ज्यादा असर उस परिवार पर पड़ा, जहां कुछ ही दिनों में बेटी की शादी होने वाली थी। जानकारी के अनुसार, 3 मई को तिलक और 6 मई को विवाह तय था। पिता ने वर्षों की जमा पूंजी से बेटी की विदाई के लिए जो गहने बनवाए थे, चोर उन्हें भी ले उड़े। इस घटना के बाद घर की खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि वारदात के बाद उन्होंने घर के पास ही सुनसान स्थान पर चोरी किए गए बक्सों को तोड़ा और वहीं बैठकर सामान का बंटवारा किया। घटनास्थल से टूटे बक्से और बिखरे सामान बरामद हुए हैं, जो इस दुस्साहस की पुष्टि करते हैं। इसके अलावा बलराम खटीक के घर से गहने और कपड़े, जबकि नंदकिशोर गोंड के घर से करीब तीन लाख रुपये के जेवरात चोरी किए गए। घटना की सूचना मिलते ही जगतौली ओपी प्रभारी आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नियमित गश्त होती तो इतनी बड़ी वारदात संभव नहीं थी। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA