Home बिहार शादी की खुशियां बनी मातम: नशे में पति ने पत्नी की हत्या,...

शादी की खुशियां बनी मातम: नशे में पति ने पत्नी की हत्या, चार बच्चे हुए अनाथ

135
0
Wedding celebrations turn into mourning: Drunk husband kills wife, leaving four children orphaned

पटना: नालंदा जिले के बेन थाना इलाके के बेलदरियापुर गांव से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने नशे की हालत में अपनी ही पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। इस दर्दनाक वारदात के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय सोनमंती देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति नशे का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता रहता था।

परिजनों के अनुसार, घर में 25 अप्रैल को आरोपी की बहन की शादी तय थी और बारात आने वाली थी। पूरे परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और खुशियों का माहौल था। इसी बीच यह दर्दनाक घटना हो गई, जिसने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बताया गया कि मृतका पूजा कर घर लौटी ही थी, तभी नशे में धुत पति ने उस पर अचानक हमला कर दिया। महिला जान बचाने के लिए पड़ोसी के घर भागी, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और उस पर लगातार हमला करता रहा। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंतपरवलपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

GNSU Admission Open 2026

मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गई है। इस घटना के बाद बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।