
शिवहर: शिवहर जिले के डुमरी कटसरी प्रखंड अंतर्गत श्यामपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष अशोक सिंह की सड़क हादसे में मौत के बाद शुक्रवार सुबह से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने श्यामपुर के पास शिवहर-मोतीहारी एनएच 104 को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे में हुई मौत की जिम्मेदारी तय नहीं की गई है। उनका कहना है कि मृतक के परिजनों को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए। प्रदर्शनकारी बड़े अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक वे सड़क खाली नहीं करेंगे। बता दें कि बुधवार की देर शाम फतहपुर थाना क्षेत्र के फतहपुर मठ के पास एनएच 104 पर पैक्स अध्यक्ष अशोक सिंह की बाइक आमने-सामने टकरा गई थी।
हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। सड़क जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत शुरू की। हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने कहा कि केवल स्थानीय स्तर का आश्वासन पर्याप्त नहीं है, उन्हें जिले के वरीय अधिकारियों की उपस्थिति चाहिए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।






