दरभंगा: बिहार सरकार ने खनन क्षेत्र में हो रही धांधली के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए दरभंगा के खान निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर विभागीय कार्यों में गंभीर अनियमितता और लापरवाही के आरोप हैं। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दरभंगा के डीएम और एसपी को स्पष्ट आदेश दिया है कि अवैध खनन के सिंडिकेट को ध्वस्त करें। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि अवैध खनन में किसी भी स्तर पर मिलीभगत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हमारा लक्ष्य असली दोषियों को सजा दिलाना है, लेकिन इस प्रक्रिया में किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाना चाहिए। खनन नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सरकार 16 जनवरी को पूरे बिहार में विशेष शिविर आयोजित करेगी। इसमें लाइसेंस, परिवहन और भंडारण के कानूनी पहलुओं की जानकारी दी जाएगी।
साथ ही, आम लोगों से अपील की गई है कि वे विभाग के हेल्पलाइन नंबरों पर अवैध गतिविधियों की गुप्त सूचना दें। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के फर्जीवाड़े को रोकने के लिए विजय सिन्हा ‘एक्शन मोड’ में हैं। मुजफ्फरपुर में अधिकारियों की क्लास लगाने के बाद, अब 4 जनवरी को भागलपुर के टाउन हॉल में सुबह 11 बजे से जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा।







