झारखंड से शुरू यह रैली दिल्ली में होगा समाप्त
वीर बिरसा मुंडा की स्मृति में आयोजित वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथन रैली बिहार के दूसरे पड़ाव के दौरान सासाराम पहुंची जहां एनसीसी की 42 बिहार बटालियन एनसीसी सासाराम में कार्यवाहक कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अनूप कुमार एवं बटालियन परिवार के द्वारा रैली का भव्य और अनुशासित स्वागत किया गया। यह रैली रांची से शुरू होकर लगभग 1200 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए नई दिल्ली तक जाएगी। रैली औरंगाबाद से निकलकर सोन ब्रिज डेहरी को पार करते हुए नेशनल हाईवे के रास्ते आगे बढ़ी। इसके बाद ताराचंडी धाम, मोरसराय होते हुए पुरानी जीटी रोड के रास्ते बेदा से गुजरकर एनसीसी बटालियन सासाराम पहुंची। मार्ग में रैली को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा गया।
सड़क किनारे खड़े लोगों ने तालियों और जयघोष के साथ एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। यह साइक्लोथन रैली बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के विभिन्न जिलों से होते हुए आगे बढ़ेगी। हर पड़ाव पर स्थानीय स्तर पर स्वागत कार्यक्रम, जनसंवाद और युवाओं को प्रेरित करने वाले आयोजन किए जाएंगे, जहां राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, फिटनेस और सामाजिक चेतना का संदेश दिया जाएगा।
रैली का भव्य समापन नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के रूप में होगा, जहां पीएम एनसीसी रैली के दौरान देशभर से आए एनसीसी कैडेट्स की मौजूदगी में इसका समापन किया जाएगा। यह आयोजन राष्ट्रीय मंच से वीर बिरसा मुंडा के आदर्शों, उनके संघर्ष और बलिदान को पूरे देश तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। सासाराम में रैली का स्वागत न केवल जिले के लिए गौरव का क्षण रहा, बल्कि यह संदेश भी स्पष्ट हुआ कि देश का युवा वर्ग इतिहास से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण के पथ पर आगे बढ़ने के लिए संकल्पित है।







