Home बिहार गर्भवती महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों के आरोप के बाद डॉक्टर-स्टाफ...

गर्भवती महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों के आरोप के बाद डॉक्टर-स्टाफ फरार

366
0
Uproar over the death of a pregnant woman, doctor and staff absconded after allegations by family

चंपारण: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार को स्वास्थ्य व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। नगर के हॉस्पिटल रोड स्थित न्यू पारस हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक गर्भवती महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ते देख अस्पताल प्रबंधन ने आनन-फानन में क्लिनिक पर ताला जड़ दिया और डॉक्टर व स्टाफ फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, लौरिया थाना क्षेत्र के सुअर छापर निवासी चंदन कुशवाहा की पत्नी रश्मि कुमारी को परिजन इलाज कराने न्यू पारस हॉस्पिटल लाए थे।

गर्भवती महिला को एडमिट करने के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी। इसी बीच उसे कुछ इंजेक्शन दिया गया, जिसके बाद अचानक महिला की हालत बिगड़ गई। देखते ही देखते उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत के बाद परिजन काफी आक्रोशित हो गए। उनका कहना है कि क्लिनिक प्रबंधन की लापरवाही के कारण गर्भवती महिला की जान गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल दलालों के जरिए मरीजों को फंसाता है और बिना पर्याप्त सुविधा के इलाज कराता है, जिससे आए दिन मरीजों की मौत होती है। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में भारी संख्या में लोग जुट गए।

GNSU Admission Open 2026

भीड़ बढ़ते देख डॉक्टर और स्टाफ क्लिनिक में ताला बंद कर फरार हो गए। वहीं, आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और नगर थाना को जानकारी दी। बाद में पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। गौरतलब है कि बेतिया नगर क्षेत्र के हॉस्पिटल रोड पर इस तरह की घटनाएं नई नहीं हैं। आए दिन निजी क्लिनिकों में मरीजों की जान जाती है, लेकिन न तो स्वास्थ्य विभाग और न ही जिला प्रशासन इस पर कोई सख्त कदम उठाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग की संवेदनहीनता और उदासीनता के कारण ही इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं।







GNSU Admission Open 2026