छपरा: बिहार के सारण जिले में छपरा ग्रामीण और गोल्डेनगंज रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन की चपेट में आने से करीब 28 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजकीय रेल पुलिस (GRP) ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
छपरा कचहरी राजकीय रेल थाना पुलिस के अनुसार, रेलवे लाइन से गुजर रहे स्थानीय लोगों की नजर ट्रैक के पास पड़े एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही GRP की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। प्रारंभिक तौर पर मृतक की उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पहचान के लिए पुलिस ने शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखने का निर्णय लिया है। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों के जरिए मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस घटना के कारणों की भी जांच कर रही है और मृतक की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।







