
कैमूर। 1 जनवरी से 31 जनवरी तक सड़क सुरक्षा माह चलाया जा रहा है, इस दौरान अलग-अलग समाजसेवी और जिला प्रशासन द्वारा लगातार बाइक चालकों को रोको टोको अभियान के साथ-साथ फूलमाला पहनाकर उन्हें हेलमेट पहन कर चलने के लिए आग्रह किया जा रहा है तो कई जगहों पर मुफ्त में हेलमेट भी बांटे जा रहे हैं, इसी के तहत शनिवार को मोहनिया के चांदनी चौक पर यातायात थाना अध्यक्ष की मौजूदगी में एक संस्था द्वारा फूलमाला पहनाते हुए लगभग 50 लोगों को मुफ्त हेलमेट बांटे गए।

इस संबंध में परशुराम नयन फाउंडेशन के सेक्रेटरी संतोष कुमार ने बताया कि हमारी संस्था के द्वारा सड़क सुरक्षा माह अभियान के तहत कैमूर जिले के मोहनिया में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें असहाय लोगों को निःशुल्क मे हेलमेट भी बांटा जा रहा है, हमारी संस्था बक्सर,अरवल और आज भभुआ में यह अभियान चला रही है। यातायात थानाध्यक्ष विष्णु देव कुमार,एएसआई सरोज कुमार और उनकी पूरी पुलिस टीम के द्वारा अच्छा सहयोग मिला।






