Home बिहार डांस सिखाने का झांसा, नेपाल में बेचने की साजिश; पुलिस ने बचाईं...

डांस सिखाने का झांसा, नेपाल में बेचने की साजिश; पुलिस ने बचाईं दो नाबालिग

38
0
Two minors were tricked into dancing lessons and then sold in Nepal; police rescued them.

छपरा: सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र से स्कूल गई दो नाबालिग छात्राओं के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। जिले के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया। मढ़ौरा अनुमंडल की एसडीओ और एसडीपीओ के मार्गदर्शन में बनाई गई इस टीम का नेतृत्व तरैया थाना के थानाध्यक्ष रंजीत कुमार कर रहे थे। पुलिस को एक नंबर से धमकी भरा संदेश मिला था। उसी नंबर और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी शुरू की।

समय पर की गई कार्रवाई के कारण बड़ी घटना टल गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अगर थोड़ी भी देरी होती तो दोनों छात्राओं को नेपाल ले जाया जा सकता था। मामले में तरैया थाना में आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई और पुलिस दोनों नाबालिग छात्राओं की तलाश में जुट गई। तकनीकी टीम की मदद से पुलिस को जानकारी मिली कि गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज बाजार में स्थित एक ऑर्केस्ट्रा में काम करने वाली नर्तकी के पास दोनों छात्राएं मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी की और नर्तकी के साथ दोनों नाबालिग छात्राओं को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी नर्तकी से सख्ती से पूछताछ कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

GNSU Admission Open 2026

जानकारी के अनुसार 11 मार्च को दोनों छात्राएं रोज की तरह स्कूल पढ़ने गई थीं। वे दोपहर करीब एक बजे तक स्कूल में मौजूद थीं, लेकिन मध्यांतर के बाद अचानक गायब हो गईं। शाम तक जब दोनों छात्राएं घर नहीं पहुंचीं तो परिवार वाले चिंतित हो गए और उनकी तलाश शुरू कर दी। जब परिजन स्कूल पहुंचे तो कक्षा में दोनों छात्राओं का स्कूल बैग पड़ा मिला। इससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ऑर्केस्ट्रा की नर्तकी दोनों छात्राओं को डांस सिखाने का लालच देकर अपने साथ ले गई थी। पुलिस को शक है कि उन्हें नेपाल ले जाकर बेचने की योजना बनाई जा रही थी। फिलहाल तरैया थाना की पुलिस नर्तकी और दोनों छात्राओं को थाना लाकर पूछताछ कर रही है। मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए जांच जारी है।








GNSU Admission Open 2026