सासाराम। सेवानिवृत्ति होने पर एक ओर जहां कर्मी अपने कार्यालय में अपने सहकर्मियों से मिल कर विदाई लेते है या तो फिर सहकर्मी विदाई समारोह का आयोजन कर सेवानिवृत कर्मी को धूमधाम से विदा करते है। तो एक शिक्षक ने अपने सेवानिवृति के दिन समारोह मना कर नहीं बल्की स्वच्छता अभियान चलाकर विदाई लिया। दरअसल रोहतास जिला मुख्यालय सासाराम स्थित रूंगटा मध्य विद्यालय के शिक्षक बीरेंद्र कुमार ने अपने सेवानिवृति समारोह को स्वच्छता समारोह में बदल दिया।
उन्होंने स्कूल परिसर में स्वच्छता अभियान चला कर स्कूल से विदाई ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू हुए स्वच्छता पखवाड़ा से प्रेरित होकर उन्होंने यह पहल की। इस दौरान शिक्षक ने छात्रों और अन्य शिक्षकों के साथ मिलकर परिसर की सफाई की और सभी को स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प दिलाया।
सेवानिवृत्त हुए शिक्षक बीरेंद्र कुमार ने कहा कि मैं अपने सेवा के अंतिम दिन यही संदेश देना चाहता हूं कि स्वच्छता सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह आदत और जिम्मेदारी है। यदि छात्र जीवन से ही बच्चे स्वच्छता को अपनाएंगे तो समाज और देश दोनों स्वच्छ व स्वस्थ रहेंगे। वही स्कूल के प्रभारी प्राचार्य अनिता कुमारी द्विवेदी के नेतृत्व में अन्य शिक्षकों ने सेवानिवृत हुए शिक्षक वीरेंद्र कुमार को फूल माला और बुके देकर सम्मानित किया।







