सीवान: सीवन जिले के धनौती ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत चनौर गांव में बुधवार देर रात दबंगों ने पुराने विवाद को लेकर एक युवक के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान अपराधियों ने युवक से बंदूक के बल पर ₹1 लाख नकद और सोने की चेन भी छीन ली। घायल अवस्था में युवक को ग्रामीणों की मदद से सीवन सदर अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल की पहचान चनौर गांव निवासी जय किसुन साह के 35 वर्षीय पुत्र सोनेलाल साह के रूप में हुई है।
पीड़ित ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह बाहर कॉन्ट्रेक्टर का काम करता है। गांव के कुछ लोग जातिगत विवाद को लेकर पहले से ही उसे धमकाते रहते थे। इस संबंध में उसने थाना और न्यायालय में कई बार आवेदन भी दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। सोनेलाल ने बताया कि बीती रात वह मजदूरों को भुगतान करने के लिए ₹1 लाख लेकर घर आया था। घर से बाहर निकलते ही कुछ दबंगों ने घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसके गले से सोने की चेन और पॉकेट से पूरे ₹1 लाख रुपये छीन लिए गए। दबंगों ने बंदूक के बल पर जान से मारने की धमकी दी और बेरहमी से पिटाई की। जब उसने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। ग्रामीणों को आता देख दबंग वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण घायल सोनेलाल को तुरंत सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। धनौती ओपी थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार पांडे ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि “सूचना मिली है कि दबंगों ने एक युवक के साथ मारपीट की है। घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और दोषियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई में जुट गई है।” इस घटना ने एक बार फिर इलाके में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित की ओर से पूर्व में शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की गई, जिससे दबंगों का मनोबल बढ़ा। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी और सख्ती से कार्रवाई करती है।







