सासाराम। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष, सचिव के साथ प्राप्त दावा/आपत्ति के विषय पर सोमवार को जिलाधिकारी कक्ष में विमर्श हेतु बैठक का आयोजन किया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष व सचिव के प्रतिनिधियों को बताया कि प्रारूप प्रकाशित निर्वाचक सूची में दर्ज लगभग सभी निर्वाचकों का दस्तावेज प्राप्त कर लिया गया है, इसमें बीएलओ, बीएलए-2 एवं प्रबुद्ध नागरिकों की सक्रिय भूमिका रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सोमवार 1 सितंबर को दावा/आपत्ति की अंतिम तिथि है, अगर आप लोगों के पास परिवर्द्वन, विलोपन एवं संशोधन हेतु प्रपत्र शेष रह गये हों तो बीएलओ के माध्यम से या ऑनलाईन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि 1 सितंबर तक के हीं प्राप्त प्रपत्रों को निर्वाचक सूची के अंतिम प्रकाशन में प्रविष्ट किया जा सकेगा। सभी दलों के अध्यक्ष एवं सचिवों को बताया गया कि दावा / आपत्ति अवधि 1 अगस्त से 31 अगस्त तक कुल 37452 प्रपत्र – 6, 1574 प्रपत्र – 7 एवं 9594 प्रपत्र – 8 प्राप्त हुये हैं।
अर्हता तिथि 1 जुलाई के आधार पर प्रपत्र प्राप्त हीं लिए जा रहे हैं परंतु अग्रिम आवेदन अर्थात 1 अक्टूबर के आधार पर भी आवेदन दिया जा सकता है वो समय पूर्ण होने के साथ निर्वाचक सूची में स्वतः जुड जायेगा। उक्त बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी, राष्ट्रीय जनता दल के जिलाध्यक्ष रामचन्द्र ठाकुर, बहुजन समाज पार्टी के रमेश कुमार, भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष प्रिन्स राज, आम आदमी पार्टी के तेजप्रताप सिंह, जनता दल (यूनाइटेड) के अजय कुमार सिंह एवं लोकजनशक्ति पार्टी (रा०) के राकेश कुमार राय सहित अन्य लोग मौजूद थे।







