Home बिहार बिहार चुनाव से पहले सख्त हुआ आयोग, कहा- चुनाव प्रचार में एआई...

बिहार चुनाव से पहले सख्त हुआ आयोग, कहा- चुनाव प्रचार में एआई के दुरुपयोग पर होगी सख्त कार्रवाई

258
0
The Commission tightened its grip ahead of the Bihar elections, saying strict action will be taken against the misuse of AI in election campaigning.

बिहार: बिहार विधानसभा चुनाव में अब एक महीने से भी कम का समय शेष है। ऐसे में राजनीतिक पार्टियों ने अपनी-अपनी तैयारी और तेज कर दी है। चुनावी रण में पार्टियां अपने-अपने प्रतिद्वंदी को पीछे छोड़ने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। चाहे वो जमीनी स्तर से हो या तकनीक के माध्यम से। इसी बीच चुनाव आयोग ने प्रचार-प्रसार से संबंधित एक मामले में राजनीतिक पार्टियों को सख्त चेतावनी दी है। ये चेतावनी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के गलत इस्तेमाल को लेकर दी गई है। आयोग ने कहा है कि कोई भी पार्टी या उम्मीदवार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का गलत इस्तेमाल कर फर्जी वीडियो या झूठी जानकारी सोशल मीडिया पर न फैलाए।

गुरुवार को जारी एक बयान में चुनाव आयोग ने सभी दलों को याद दिलाया कि अगर वे प्रचार के लिए एआई से बना कोई कंटेंट (जैसे वीडियो, ऑडियो या इमेज) सोशल मीडिया या विज्ञापनों में इस्तेमाल करते हैं, तो उसे साफ-साफ एआई-जनरेटेड, डिजिटल रूप से संवर्धित या सिंथेटिक सामग्री बताना जरूरी है। आयोग ने कहा कि सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है ताकि कोई भी पार्टी चुनावी माहौल को बिगाड़ने की कोशिश न कर सके। चुनाव आयोग ने कहा कि एआई टूल्स का दुरुपयोग कर अगर कोई फर्जी या गुमराह करने वाली जानकारी फैलाई गई, तो सख्त कार्रवाई होगी। यह चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए जरूरी है।

GNSU Admission Open 2026

हालांकि ये पहली बार नहीं है कि चुनाव आयोग ने एआई के उपयोग के लिए कोई चेतावनी जारी की हो। इससे पहले लोकसभा चुनाव के दौरान भी आयोग ने एआई के दुरुपयोग को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए थे। गौरतलब है कि बिहार में 243 विधानसभा सीटों के लिए दो चरण में- 6 नवंबर और 11 नवंबर को मतदान होगा। 14 नवंबर को नतीजे आएंगे। पहले चरण में 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, दूसरे चरण में 11 नवंबर को 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग होगी। इस बार राज्य में कुल 7.43 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें लगभग 14 लाख नए मतदाता शामिल हैं, जो पहली बार वोट डालेंगे। 



GNSU Admission Open 2026