
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या-5 के पिछले हिस्से में स्थित ओवरब्रिज के पास एक पेड़ से अज्ञात युवक का शव लटका मिला। शव मिलने के बाद स्टेशन परिसर और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की गहनता से जांच शुरू की। शुरुआती जांच के बाद शव की पहचान नहीं हो सकी।
इसके बाद रेल पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को सूचित किया। एफएसएल की टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए, फिर शव को पेड़ से नीचे उतारा गया। शव की तलाशी ली गई, लेकिन मृतक की जेब से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। पहचान सुनिश्चित करने के लिए मृतक की तस्वीर को सोशल मीडिया और जिले के विभिन्न थानों को भेजा गया है। रेल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल पाएगा।
इस संबंध में रेल एसपी बीना कुमारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा कर लिए हैं और आगे की जांच जारी है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है, पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है ताकि उसकी पहचान कर परिजनों से संपर्क किया जा सके। वहीं, हत्या या आत्महत्या—इस रहस्य से पर्दा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही उठ पाएगा।






