मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले में चेन स्नेचिंग गैंग का आतंक देखने को मिला है। शहर के तीन भीड़भाड़ वाले इलाकों में एक ही दिन तीन बड़ी वारदातों को अंजाम देकर बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है। इन घटनाओं के बाद आम लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली को लेकर नाराजगी भी देखने को मिल रही है। नगर थाना, सिकंदरपुर थाना और मिठनपुरा थाना क्षेत्र में सुबह से लेकर शाम तक बाइक सवार लुटेरों ने तीन महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से चेन झपट ली। मिठनपुरा थाना क्षेत्र के गौशाला चौक के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने पटना निवासी रेणु देवी के गले से सोने की चेन झपट ली।
पीड़िता अपने भाई से मिलने बेला थाना क्षेत्र आई थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। दूसरी घटना सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के कृष्णा सिनेमा रोड की है। यहां पति के साथ मॉल से खरीदारी कर लौट रही महिला राज चांडक के गले से बाइक सवार बदमाशों ने चेन झपट ली। पीड़िता ने बताया कि चलती बाइक से आए बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान वह बाइक से गिर गईं, जिससे उन्हें चोट भी आई। घटना के बाद लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। तीसरी घटना नगर थाना क्षेत्र के केदारनाथ रोड की है।
यहां बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला मुन्नी खातून के गले से सोने की चेन झपट ली। महिला अपने दो पोतों को केक दिलाकर घर लौट रही थीं। पीड़िता के अनुसार, बदमाश करीब ढाई लाख रुपये से अधिक कीमत की चेन लेकर फरार हो गए। घटना के बाद लोग बाजार में सोने की चेन पहनकर निकलने से भी डरने लगे हैं। पूरे मामले को लेकर एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार ने बताया कि शहर में चेन स्नेचिंग की तीन घटनाएं सामने आई हैं। सभी मामलों की जांच की जा रही है। चेन स्नेचिंग गैंग की गिरफ्तारी के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया है। शहरभर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और उसके आधार पर बदमाशों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।







