पटना: बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच राजद (RJD) कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर तेजस्वी यादव का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। भारी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता वहां पहुंचे और अपने नेता को बधाई दी। तेजस्वी यादव ने जन्मदिन पर मिले प्यार और शुभकामनाओं के लिए बिहार के सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। तेजस्वी यादव ने रात में अपने परिवार के साथ केक काटा। तेजस्वी यादव जब केक काट रहे थे, तब उनकी पत्नी राजश्री खिलखिलाकर हंस रही थीं। राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचे राजद कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे केवल अपने नेता का जन्मदिन मनाने आए हैं।
उन्होंने कहा कि ‘हम तेजस्वी जी की लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। हमें भरोसा है कि वे बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे और राज्य को देश में शीर्ष पर पहुंचाएंगे।’ इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर जश्न मनाया। तेजस्वी यादव की बहन रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा- ‘उम्र कच्ची मगर नियत सच्ची और जुबान पक्की। हमारे कर्मवीर, कर्तव्यनिष्ठ भाई तेजस्वी तुम्हारा हर सपना साकार हो। तुम बिहार के नौजवानों और सभी बिहारवासियों के सपनों को हकीकत में बदलो। जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं और आशीर्वाद।’ उनके इस पोस्ट पर हजारों लोगों ने लाइक और कमेंट करते हुए शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी एक्स पर पोस्ट कर अपने नेता को बधाई दी। पोस्ट में लिखा गया- ‘नौकरी और रोजगार को देश में पहली बार राष्ट्रीय राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाने वाले तेजस्वी यादव को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। सरकारी नौकरी बनेंगी खुशियों का आधार, जब बनेगी तेजस्वी सरकार। चूकना नहीं है अबकी बार।’ तेजस्वी यादव ने बीती रात परिवार के साथ केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। इस दौरान उनके पिता लालू प्रसाद यादव, मां राबड़ी देवी, बहन रोहिणी आचार्य, पत्नी राजश्री और परिवार के बच्चे मौजूद थे। परिवार ने मिलकर केक काटा और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।







