Home बिहार बिहार के मठिया कांड में मौतों पर सस्पेंस, जहरीली शराब की आशंका...

बिहार के मठिया कांड में मौतों पर सस्पेंस, जहरीली शराब की आशंका से बढ़ी चिंता

143
0
Suspense lingers over deaths in Bihar's Mathia incident, fears mount over suspected spurious liquor

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले के बिक्रमगंज प्रखंड अंतर्गत मठिया गांव में तिलक समारोह के बाद हुई मौतों को लेकर अब भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। आधिकारिक तौर पर प्रशासन और परिजनों ने तीन लोगों की मौत की पुष्टि की है, लेकिन स्थानीय स्तर पर पांच या उससे अधिक मौतों की चर्चा ने पूरे मामले को रहस्यमय बना दिया है। प्रशासन ने मामले की जांच जारी होने की बात कही है।

मृतक लालू कुमार के पिता राम पूजन सिंह के अनुसार, 14 फरवरी की रात उनके छोटे बेटे रामु कुमार का तिलक समारोह आयोजित हुआ था। समारोह के बाद सभी रिश्तेदार अपने-अपने गांव लौट गए। इसी दौरान उनके बड़े बेटे लालू कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि लालू कुमार को पहले कुत्ते ने काटा था, लेकिन उन्हें संदेह है कि मौत का कारण शराब का सेवन हो सकता है, क्योंकि वह अक्सर शराब पीता था और समारोह के दिन भी उसने शराब पी थी।

GNSU Admission Open 2026

राम पूजन सिंह ने अपने बेटे सहित दो अन्य लोगों—नासरीगंज थाना क्षेत्र के अभिजीत सिंह और भोजपुर जिले के राहुल कुमार—की मौत की पुष्टि की है। वहीं, उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त तारिक महमूद ने भी केवल तीन मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है और कहा है कि दो बावर्चियों की मौत की खबर अफवाह प्रतीत होती है।

हालांकि, स्थानीय लोगों के बीच पांच या अधिक मौतों की चर्चा से मामला और उलझ गया है। एक डॉक्टर द्वारा शराब पीने वालों को निगरानी में रहने की सलाह दिए जाने के बाद जहरीली शराब की आशंका और गहरा गई है। प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है, लेकिन अभी तक जहरीले पदार्थ का कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है।

फिलहाल, प्रशासन और उत्पाद विभाग पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं। मौत के सही कारण और संख्या का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

GNSU Admission Open 2026