पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जब से राज्यसभा जाने की घोषणा की है, तब से सोशल मीडिया पर लोग निशांत की उम्र को लेकर सवाल पूछ रहे हैं। कई जगह उनकी जन्मतिथि अलग अलग चल रही है। कहीं उनके जन्म का साल 1975 तो कहीं 1980 चल रहा है। कुछ लोग उनकी उम्र 45 साल तो कुछ 49 साल चला रहे हैं। लेकिन, निशांत कुमार के परिजनों और जनता दल यूनाईटेड से सारी बातें स्पष्ट कर दी है। परिजनों के अनुसार, निशांत कुमार की जन्मतिथि 20 जुलाई, 1981 है। यही उनके आधार पर भी दर्ज है।
हालांकि, नीतीश कुमार के करीबी मित्र उदयकांत की किताब ‘अंतरंग दोस्तों की नजर से- नीतीश कुमार’ के मुताबिक निशांत की जन्मतिथि 20 जुलाई 1980 है। इसे कई लोगों ने सही माना। अब आज निशांत की उम्र को लेकर सारी बातें स्पष्ट हो गई। उनकी उम्र 44 साल है। दो दिन पहले ही कांग्रेस के प्रवक्ता असित नाथ तिवारी ने इस मामले को उठाया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि मैं पूरे दावे और पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि निशांत कुमार के बारे में मीडिया लगातार दो गलत सूचनाओं दे रही है।
पहली ये कि वो इंजीनियर हैं और दूसरी ये कि उनका जन्म 1975 में हुआ। सच यह है कि बीआईटी, मेसरा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे निशांत कुमार ने आखिरी साल में पढ़ाई छोड़ दी थी और, वो इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए थे। दूसरा सच यह है कि निशांत का जन्म 1975 में नहीं हुआ 1980 में हुआ है। सक्रिय राजनीति में उनका स्वागत है। लेकिन, स्वागत करने के लिए जबरदस्ती ना तो महान बनाने की ज़रूरत है और ना ही इंजीनियर बनाने की ज़रूरत। इसके लिए निशांत का एक सरल व्यक्ति होना ही काफी है।







