
वैशाली: वैशाली जिले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बहुप्रतीक्षित समृद्धि यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं और महुआ व जंदाहा प्रखंड के प्रमुख इलाकों को भव्य रूप से सजाया गया है। खास तौर पर महुआ और जंदाहा प्रखंड स्थित ऐतिहासिक बटेश्वर नाथ मंदिर के आसपास के क्षेत्रों को विशेष रूप से संवारा गया है, जहां मुख्य कार्यक्रम का आयोजन होगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दोपहर बाद समृद्धि यात्रा के तहत वैशाली जिले के महुआ पहुंचेंगे। इस दौरान वे जिलेवासियों को 15,194.31 करोड़ रुपये की लागत से कुल 128 विकास योजनाओं की बड़ी सौगात देंगे। मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री रिमोट के माध्यम से 103 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जबकि 25 योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इन योजनाओं में पंचायती राज विभाग और जिला परिषद की कुल 57 पूर्ण योजनाएं शामिल हैं, जो ग्रामीण विकास को नई गति देंगी।
बटेश्वर नाथ मंदिर के समीप विशाल क्षेत्र में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एक हाईटेक पंडाल बनाया गया है, जहां हजारों की संख्या में लोग मुख्यमंत्री को सुनने और देखने पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद की गई है।
कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री हवाई मार्ग से महुआ पहुंचने के बाद वाया नदी के उड़ाही कार्यों का निरीक्षण करेंगे। वे स्थानीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेंगे और तकनीकी पहलुओं पर चर्चा करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री महुआ स्थित नव निर्मित मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करेंगे और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
मेडिकल कॉलेज निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से जंदाहा प्रखंड पहुंचेंगे, जहां वे पुस्तकालय और पोखर का निरीक्षण करेंगे। समृद्धि यात्रा के दौरान जिले में 400 मजिस्ट्रेट और 1200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।






