
गया: बिहार में होमगार्ड बहाली में आई युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह पूरा मामला बोधगया थाना स्थित बीएमपी परिसर से जुड़ा है। मिली जानकारी के मुताबिक बोधगया थाना स्थित बीएमपी परिसर में चल रहा होमगार्ड बहाली में शामिल होने आयी गया जिले की एक युवती के साथ एंबुलेंस में दुष्कर्म की घटना सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में एंबुलेंस चालक कोच प्रखंड के उतरैन गांव के विनय कुमार और प्रतिनियुक्ति तकनीशियन नालंदा जिले के तेल्हारा थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के रहने वाले अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों आरोपियों का मेडिकल जांच भी कराई गई है। गुरुवार को होमगार्ड बहाली के दौरान शारीरिक परीक्षा देते समय एक युवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वह अचेत हो गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए बीएमपी परिसर में तैनात एंबुलेंस से अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचने के बाद जब युवती को होश आया तो उसने अपने साथ दुष्कर्म होने की जानकारी अस्पताल के चिकित्सकों को दी।
युवती ने बताया कि रास्ते में एंबुलेंस ड्राइवर और टेक्नीशियन ने उसके साथ दुराचार किया। चिकित्सकों की सूचना पर मेडिकल टीम का गठन कर युवती की जांच कराई गई और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की पहचान कर आरोपी ड्राइवर और टेक्नीशियन को गिरफ्तार कर लिया तथा मेडिकल जांच कराई गई है। बोधगया थाने में केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गयी है।






