Home बिहार औरंगाबाद में सनसनी: पेट्रोल पंप पर खड़ी तीन बसों में आग लगाई...

औरंगाबाद में सनसनी: पेट्रोल पंप पर खड़ी तीन बसों में आग लगाई गई

376
0
Sensation in Aurangabad: Three buses parked at a petrol pump set on fire

औरंगाबाद: औरंगाबाद जिले में असामाजिक तत्वों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। दाउदनगर थाना क्षेत्र के अकोढ़ा के पास स्थित पेट्रोल पंप पर खड़ी तीन बसों को आग के हवाले कर दिया गया। तीनों बसें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है। मिली जानकारी के अनुसार एनएच-139 पर दाउदनगर थाना क्षेत्र के अकोढ़ा स्थित एक पेट्रोल पंप पर दो दिन से दो बसें खड़ी थीं। मंगलवार को वहां एक और बस आकर खड़ी की गई थी।

बताया गया कि पेट्रोल पंप पर बिक्री कम होने की वजह से कर्मियों ने पंप को रात 9 बजे की बजाय शाम 5 बजे ही बंद कर दिया और घर चले गए। उस समय न तो बसों में कोई कर्मी था और न ही पंप पर कोई गार्ड मौजूद था। इसी का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों ने तीनों बसों को आग लगा दी। रात के समय जब बसें जल रही थीं, तब वहां सन्नाटा था। रात करीब 10:30 बजे एनएच से गुजर रहे एक टैंकर चालक ने जलती बसों को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दाउदनगर थाना की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी कोशिश के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तीनों बसें पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थीं।

GNSU Admission Open 2026

जानकारी के अनुसार, पेट्रोल पंप पर खड़ी दो बसें कझवा निवासी रघुवंश सिंह की थीं, जो हसपुरा से औरंगाबाद के बीच चलती हैं। तीसरी बस दाउदनगर के मनोज सिंह की है, जो दाउदनगर से अरवल के बीच चलती है। आगजनी की इस घटना में तीनों बस मालिकों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है और उन्हें गहरी आर्थिक क्षति पहुंची है। दाउदनगर के एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आसपास के इलाकों से सूचना एकत्र की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।






GNSU Admission Open 2026