Home बिहार बीच सड़क गोलीकांड: SSB जवान के बेटे पर हमला, जन्मदिन में जाते...

बीच सड़क गोलीकांड: SSB जवान के बेटे पर हमला, जन्मदिन में जाते समय मारी गोली

23
0
Roadside shooting: SSB jawan's son attacked, shot while on his way to birthday party

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में देर रात हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने एक स्नातक के छात्र को बीच सड़क पिस्टल सटाकर गोली मार दी। घायल छात्र की पहचान 18 वर्षीय शिवम कुमार के रूप में हुई है, जो एलएस कॉलेज में पढ़ाई करता है। शिवम के पिता उमेश कुमार अर्धसैनिक बल एसएसबी में जवान हैं और वर्तमान में अररिया जिले में तैनात हैं। घटना के बाद घायल छात्र को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन कर उसके पेट से गोली निकाली गई। डॉक्टरों के अनुसार, शिवम फिलहाल खतरे से बाहर है।

यह घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के मुरादपुर दुल्लाह गांव की है। बताया जा रहा है कि शिवम अपने दोस्त के जन्मदिन की पार्टी में जाने के लिए निकला था। रास्ते में वह एक सुनसान जगह पर लीची गाछी के पास रुका, तभी बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और पिस्टल सटाकर उसके पेट में गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बावजूद शिवम होश में रहा और उसने खुद अपनी मां को फोन कर पेट में तेज दर्द होने की बात बताई।

GNSU Admission Open 2026

घायल की मां विभा देवी ने बताया कि बेटे के फोन के बाद जब वे मौके पर पहुंचीं, तब पता चला कि उसे गोली लगी है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और वे इस हमले की वजह समझ नहीं पा रहे हैं। शिवम दो भाइयों में बड़ा है और परिवार मूल रूप से सीतामढ़ी जिले का रहने वाला है। बच्चों की पढ़ाई के लिए परिवार फिलहाल मुजफ्फरपुर के शाहबाजपुर इलाके में किराए के मकान में रह रहा है। घटना की जानकारी शिवम के पिता को भी दे दी गई है।

इस मामले में एसडीपीओ टाउन टू बिनीता सिन्हा ने बताया कि फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घायल के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा और एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

GNSU Admission Open 2026