Home बिहार लाली यादव हत्याकांड पर गरमाई सियासत, सीवान में तेजस्वी–पप्पू का नीतीश सरकार...

लाली यादव हत्याकांड पर गरमाई सियासत, सीवान में तेजस्वी–पप्पू का नीतीश सरकार पर हमला

536
0
Politics heats up over Lali Yadav murder case, Tejaswi-Pappu attack Nitish government in Siwan

सीवान: सीवान के चैनपुर गांव में दिनेश कुमार यादव उर्फ लाली यादव की हत्या के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। विपक्षी नेताओं ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और पूर्णिया सांसद पप्पू यादव शनिवार को पीड़ित परिवार से मिले और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। तेजस्वी यादव ने चैनपुर गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि बिहार में हर दिन हत्याएं हो रही हैं लेकिन सरकार पूरी तरह उदासीन बनी हुई है।

तेजस्वी ने मांग की कि पीड़ित परिवार को बिना पक्षपात के न्याय मिले और मामले की निष्पक्ष जांच हो। उन्होंने कहा, “समय सबका आता है और जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। अगली सरकार में अपराधियों और उनके संरक्षणकर्ताओं पर कार्रवाई होगी।” पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भी चैनपुर पहुंचे और पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिया। उन्होंने सीवान एसपी पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए कहा, “मैंने कई बार कहा कि दोषियों को सस्पेंड कीजिए, लेकिन कुछ नहीं हुआ। अब मैं गवर्नर से मिलूंगा और एसआईटी जांच की मांग करूंगा। जरूरत पड़ी तो हाईकोर्ट भी जाएंगे।”

GNSU Admission Open 2026

उन्होंने यहां तक कहा कि आरोपी का घर ढहाया जाना चाहिए और चेतावनी दी कि अगर न्याय नहीं मिला तो सिर्फ सीवान ही नहीं, पूरे बिहार को बंद कराया जाएगा। तीन दिन पहले चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव में अपराधियों ने लाली यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से स्थानीय लोगों में गुस्सा है। परिजनों का कहना है कि हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है। घटना के बाद पुलिस रिकॉर्ड भी चर्चा में है। चैनपुर ओपी में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 6 से अधिक केस दर्ज हैं। सिसवन थाना में करीब 8 मामले, दाऊदपुर में 5, रसूलपुर में 4–5 और उमरी में 2–3 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा सारण जिले के थानों में भी कई मुकदमे लंबित हैं। विपक्षी नेताओं ने इस घटना को बिहार सरकार की नाकामी का प्रतीक बताया है। दोनों नेताओं ने साफ कहा कि जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे संघर्ष जारी रखेंगे।






GNSU Admission Open 2026