पटना : पटना में नए साल की शुरुआत के साथ ही अपराधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई सामने आई है। शुक्रवार सुबह खगौल थाना क्षेत्र में पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में अपराधी घायल हो गया। घायल अपराधी की पहचान मैनेजर राय के रूप में हुई है, जो खगौल इलाके में हुए चर्चित डॉक्टर हत्याकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि वांछित अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मैनेजर राय ने पुलिस को देखते ही फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही घायल हो गया।
घायल अपराधी को तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे पटना एम्स रेफर कर दिया गया। फिलहाल कड़ी सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मौके से एक हथियार और कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मैनेजर राय पर हत्या, डकैती, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत 20 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं और उस पर इनाम भी घोषित था। पुलिस ने मुठभेड़ को पूरी तरह आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बताया है। घटना के बाद खगौल और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और मामले की जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है।







