Home बिहार मोतिहारी में जहरीली शराब नेटवर्क का भंडाफोड़: 8 गिरफ्तार, 700 लीटर स्प्रिट...

मोतिहारी में जहरीली शराब नेटवर्क का भंडाफोड़: 8 गिरफ्तार, 700 लीटर स्प्रिट जब्त

152
0
Poisonous liquor network busted in Motihari: 8 arrested, 700 litres of spirit seized

पूर्वी चंपारण: पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्र के तुरकौलिया थाना क्षेत्र में जहरीली शराब का कहर जारी है। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग अस्पतालों में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं। गांवों में मातम का माहौल है और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। घटना को गंभीरता से लेते हुए मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तुरकौलिया थानाध्यक्ष उमाशंकर मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके अलावा परसौना के चौकीदार भरत रॉय को भी निलंबित करते हुए गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में तुरकौलिया थाना में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

प्राथमिकी प्रमोद यादव के परिजनों के आवेदन पर दर्ज की गई। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता नागा राय को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि चौकीदार भरत राय और साजिशकर्ता नागा राय आपस में रिश्तेदार हैं। भरत राय की मदद से ही नागा राय यह जहरीला पदार्थ बेच रहा था। पुलिस ने नागा राय और उसके परिवार समेत कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। मोतिहारी एसपी द्वारा गठित SIT की जांच में जहरीली शराब के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ। जांच में पता चला कि पिपराकोठी के स्प्रिट माफिया कन्हैया और राजा ने स्प्रिट मंगवाई। इसे परसौना निवासी खलीफा और सुनील शाह को बेचा गया, जिन्होंने आगे नागा राय और जम्मू बैठा को सप्लाई किया। इसके बाद नागा राय ने परसौना क्षेत्र और जम्मू बैठा ने बालगंगा इलाके में यह जहरीला पदार्थ बांटा, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ। पुलिस ने स्प्रिट की एक बड़ी खेप जब्त की है।

GNSU Admission Open 2026

मोतिहारी एसपी ने बताया कि 700 लीटर जब्त स्प्रिट में शुद्ध मेथनॉल पाया गया, जो जहरीला था। इसी खेप का कुछ हिस्सा परसौना और बालगंगा में सप्लाई हुआ था। SIT की टीम ने समय रहते कार्रवाई की, वरना अब तक हजारों लोगों की जान जा सकती थी। तुरकौलिया और रघुनाथपुर थाना क्षेत्रों में हत्या के अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। घटना के बाद चंपारण रेंज के डीआईजी हरिकिशोर राय ने मोतिहारी डीएम और एसपी के साथ तुरकौलिया थाना में बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा की। उन्होंने 5 मौतों की पुष्टि करते हुए पूरे जिले में सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। इस अभियान के तहत अब तक 39 शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी जारी है और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।