गयाजी: जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मुस्लिम वोटरों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को बड़ी चुनौती दे दी है। बुधवार को गयाजी पहुंचे प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में जो भी दल खुद को मुसलमानों का रहनुमा बताते हैं। अगर उन्हें सच में मुसलमानों की इतनी ही चिंता है तो जनसुराज अपनी तरफ से घोषणा कर रहा है कि जिस भी सीट पर वे मुसलमानों को टिकट देंगे वहां से जनसुराज किसी भी मुसलमान को प्रत्याशी नहीं बनाएगा।
लेकिन अब वे भी यह घोषणा कर दें कि जहां से जनसुराज मुसलमान को लड़ाएगा वहां से वे भी मुसलमान को नहीं लड़ाएंगे। अगर उन्हें भाजपा को हराने की इतनी ही चिंता है तो ये घोषणा करके देख लें। मैं जानता हूं कि वह ऐसा नहीं करने वाले हैं। प्रशांत किशोर ने आगे कहा कि बिहार के बच्चों को निमंत्रण् दे रहे हैं कि छठ पूजा के बाद किसी भी बच्चे को 10-12 हजार रुपये के लिए बिहार छोड़कर बाहर नहीं जाना है।
लेकिन भाई अगर यह व्यवस्था बन गई तो देश के दूसरे हिस्से के लोगों को निमंत्रण देंगे आओ हमारे बिहार में, यहां तुम्हें पढ़ाई भी मिलेगी, रोजगार भी मिलेगा और हम लोग तुमको गाली नहीं देंगे। तुम लोगों ने बिहारियों को गाली दिया है। उस अपमान का बदला सम्मान से वापस करेंगे। हम लोग गलत करने वाले लोग नहीं हैं। ऐसे बिहार का सपना लेकर हमलोग काम कर रहे हैं। भ्रष्टाचार को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि जब जन सुराज की सरकार बनेगी तब बिहार के सौ सबसे भ्रष्ट नेता और अफसर को चिन्हित किया जाएगा और उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि उनकी सात पीढ़ियां उसको याद रखेगी।







