Patna's Bedhna liquor scandal exposed, four youths accused of murder over love affair

पटना: पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में चार युवकों की मौत के चर्चित शराबकांड का पुलिस ने 53 घंटे बाद खुलासा करने का दावा किया है। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने मंगलवार देर रात मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी लाली कुमार ने कथित तौर पर चारों युवकों को जहरीली शराब पिलाने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, मृतक निशु का लाली की बहन के साथ करीब ढाई साल से प्रेम प्रसंग था। इसी बात को लेकर अन्य तीन युवक भी लाली को लगातार चिढ़ाते थे। पुलिस का कहना है कि इससे नाराज होकर लाली ने चारों युवकों को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

GNSU Admission Open 2026

जांच में सामने आया कि लाली ने घटना से एक दिन पहले शराब मंगवाई और उसमें कथित तौर पर जहर मिला दिया। इसके बाद चारों युवक शराब पीने लगे। लाली के लिए भी शराब का पैक तैयार किया गया था, लेकिन उसने खुद शराब नहीं पी और वहां से चला गया। कुछ देर बाद चारों युवकों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें बाढ़ अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से पटना रेफर किया गया। हालांकि, पटना ले जाने के दौरान चारों की मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, लाली की बहन की इसी वर्ष शादी हुई थी। इसके बावजूद निशु उसके यहां पहुंच गया था और शादी के दौरान स्टेज पर चढ़कर हंगामा किया था। पुलिस इस घटना को भी पुरानी रंजिश की एक वजह मान रही है।

पुलिस ने शराब की सप्लाई से जुड़े मामले में लाली कुमार और रुदल कुमार को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, शराब रुदल कुमार से ली गई थी और एक अन्य व्यक्ति के माध्यम से सन्नी के पास से लाई गई थी।

मामले की जांच के लिए 15 सदस्यीय टीम बनाई गई थी। पुलिस अब एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे शराब में मिले कथित जहरीले पदार्थ और चारों युवकों की मौत के वास्तविक कारण की अंतिम पुष्टि हो सके।