डेहरी। जमुहार स्थित गोपाल नारायण सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित नारायण नर्सिंग कालेज के छात्रों ने बुधवार को अपने सीनियर्स बैच के लिए एक रंगारंग कार्यक्रम के बीच बिदाई समरोह का आयोजन किया। विश्वविद्यालय के देव मंगल सभागार में एमएससी नर्सिंग सत्र 2023- 25 ,बीएससी नर्सिंग सत्र 2021-25 एवं जी एन एम सत्र 2022 -25 के छात्रों को विदाई दी गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एकेडमिक निदेशक सुदीप कुमार सिंह एवं परीक्षा नियंत्रक डॉक्टर कुमार आलोक प्रताप ने छात्रों से कहा कि वह जहां भी जाएं अपने सेवा भावना और दक्षता के बल पर समाज और राष्ट्र की सेवा करें तथा संस्थान का नाम रोशन करें। उन्होंने छात्रों को यह भी कहा कि जब भी उन्हें कोई परेशानी हो तो वह निसंकोच नारायण नर्सिंग कॉलेज में आएं एवं अपने शिक्षकों तथा प्रबंधन से हर प्रकार की मदद लेने के लिए मिले।
इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत में दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया गया तथा नारायण नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या डॉक्टर के .लता के द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में उपप्राचार्या डॉक्टर श्वेता शर्मा, संस्थान की वरीय शिक्षिका डॉ पुन्नारशि एवं डॉक्टर शशि के अलावे सभी शिक्षक एवं शिक्षाकेतर कर्मचारी व विभिन्न संकायों के अध्यक्ष एवं नारायण मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र के बाद छात्रों ने रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया तथा सभी विदाई ले रहे छात्रों को उपहार देकर उन्हें सम्मानित किया।







