कैमूर। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बाल अधिकारो की सुरक्षा व बाल विवाह के खात्मे के लिए जस्ट राईट फॉर चिल्ड्रेन एलायंस इंडिया की सहयोगी संस्था औलिया अध्यात्मिक अनुसंधान केन्द्र औलिया दरबार, कैमूर के द्वारा कैमूर जिला के भभुआ सदर प्रखंड के कस्तूरबा बालिका विद्यालय में बच्चियों के बीच एक परिचर्चा का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाध्यापक प्रियंका कुमारी ने की।
उसके बाद विद्यालय के बच्चियों के द्वारा बाल विवाह को समाज से समाप्त करने के लिए चित्रकला के माध्यम से संदेश दिया गया। विद्यालय में उपस्थित सभी बच्चियों के द्वारा बाल विवाह की कुप्रथा को समाज से समाप्त करने के लिए सामूहिक शपथ लिया गया। औलिया अध्यात्मिक अनुसंधान केन्द्र औलिया दरबार, कैमूर के जिला कार्यक्रम समन्वयक राकेश कुमार ने बताया की पिछले वर्ष से संस्था के द्वारा कैमूर जिला को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए विभिन्न तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें समुदाय, पंचायती राज संस्थाओं एवं जिला प्रशासन का सहयोग लिया जा रहा है लेकिन अभी भी जिले में बाल विवाह हो रहा है।
संस्था का उद्देश्य है की जिला प्रशाशन, पंचायतीराज संस्थाओं के साथ साथ समुदाय को एवं धार्मिक गुरुओं को एक मंच पर ला कर सामूहिक प्रयास किया जाए ताकी बिहार का कैमूर पहला बाल विवाह मुक्त जिला घोषित हो सके इसके लिए बहुत जल्द कैमूर के जिला पदाधिकारी महोदय से मिलकर उनसे इस अभियान में सहयोग के लिए आग्रह किया जाएगा तथा इस मुहिम में संस्था जिला प्रशासन का पूरा सहयोग करेगी।







