पटना: बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। बिहार के कई जिलों में अधिकतम तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को दिन में भी कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अगले 24 घंटे के लिए उत्तर और मध्य बिहार के 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण (छपरा), मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में शीत दिवस और घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। पिछले 24 घंटे में गयाजी सबसे ठंडा जिला रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं सीवान और नालंदा का 5.6 डिग्री सेल्सियस, औरंगाबाद का छह डिग्री सेल्सियस, रोहतास का 7.2 डिग्री सेल्सियस, सारण का 7.3 डिग्री सेल्सियस, अरवल का 7.5 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया का 10 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राज्य में अधिकतम तापमान 13.4 से 19.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिक तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस शेखपुरा में दर्ज किया गया। वहीं ठंड ने रात में ज्यादा असर दिखाया।
ठंड के साथ-साथ कोहरे का असर भी बढ़ गया है। राज्य के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। सबसे कम दृश्यता वाल्मीकि नगर (पश्चिम चंपारण) में दर्ज की गई, जहां दृश्यता महज 50 मीटर तक सिमट गई। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात पर भी असर देखने को मिला। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। हालांकि राहत की बात यह है कि अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इससे प्रदेश में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।







