रोहतास। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई और दर्जनों यात्री घायल हो गए। यह हादसा रविवार तड़के बंजारी सीमेंट फैक्ट्री के पास हुआ, जब रोहतास से पटना जा रही एक ट्रैवलर बस की सामने से आ रहे डंफर से जोरदार टक्कर हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब तीन बजे रोहतास बाजार से एक ट्रैवलर बस पटना के लिए रवाना हुई थी। बंजारी सीमेंट फैक्ट्री के पास पहुंचते ही उसकी आमने-सामने डंफर से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सड़क किनारे पलट गई।
बस के नीचे दबने से गौरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वह बरौनी (जिला बेगूसराय) की रहने वाली थीं और रोहतास में अपने अमीन पुत्र के साथ किराए के मकान में रहती थीं। एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है, जबकि अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि तोराब नियाजी ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने आरोप लगाया कि फैक्ट्री से निकलने वाले ट्रक अक्सर यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं और तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। सूचना मिलते ही रोहतास पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। फरार ट्रक चालक की पहचान की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।







