पटना\नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन के बीच बिहार के लिए एक ऐतिहासिक क्षण सामने आया है। बिहार के युवा नेता नितिन नवीन आज दोपहर 2 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने जा रहे हैं। इस मौके पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे प्रदेश के लिए गर्व का पल बताते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां अंतिम पंक्ति में बैठा साधारण कार्यकर्ता भी सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है।
सम्राट चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह बिहार और भाजपा दोनों के लिए ऐतिहासिक दिन है। नितिन नवीन सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी और अधिक मजबूत होगी।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा की संगठनात्मक संस्कृति ही कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर देती है।
बिहार के मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी इस अवसर को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का नेतृत्व 45 वर्षीय बिहारी युवा के हाथों में जाना पूरे राज्य के लिए गौरव की बात है। इससे देशभर के युवाओं को यह संदेश मिलेगा कि मेहनत और समर्पण से बड़े से बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।
त्रिपुरा विधानसभा के उपसभापति राम प्रसाद पॉल ने भाजपा की आंतरिक लोकतांत्रिक व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा में राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया से होता है, जबकि अन्य दलों में ऐसा तंत्र देखने को नहीं मिलता।
नितिन नवीन को दिसंबर में पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था और 20 जनवरी को औपचारिक मतदान के बाद उनके अध्यक्ष चुने जाने की पूरी संभावना है। वे पहले से ही तमिलनाडु, असम, केरल, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी के आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उनकी नियुक्ति को भाजपा द्वारा युवा नेतृत्व और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे पार्टी को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।







