पटना: भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की दिशा में 17 जनवरी का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के विभिन्न रूटों पर 5 नई अमृत भारत ट्रेनों का परिचालन शुरू करेंगे। रेल यात्रियों को किफायती दाम पर प्रीमियम सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों के बीच कनेक्टिविटी और तेज होगी। इन ट्रेनों में आधुनिक डिजाइन, बेहतर शॉक एब्जॉर्बर और उन्नत सुरक्षा फीचर्स दिए गए हैं।
17 जनवरी को आयोजित होने वाले भव्य समारोह में इन ट्रेनों के विस्तृत रूट और समय-सारणी का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा। प्रधानमंत्री बनारस से सियालदह और डिब्रूगढ़ से गोमती नगर (लखनऊ) के बीच अमृत भारत ट्रेनों की शुरुआत करेंगे। बनारस-सियालदह ट्रेन पूर्वांचल और बंगाल के बीच व्यापारिक और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगी। वहीं, डिब्रूगढ़ से गोमती नगर रूट पूर्वोत्तर को सीधे उत्तर प्रदेश की राजधानी से जोड़ेगा। इन ट्रेनों की टाइमिंग जल्द ही रेलवे द्वारा आधिकारिक तौर पर साझा की जाएगी। राजधानी दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल को हावड़ा से जोड़ने वाली नई अमृत भारत ट्रेन बिहार और बंगाल के यात्रियों के लिए जीवन रेखा बनेगी।
इसके अलावा, कामाख्या (असम) से रोहतक (हरियाणा) के बीच चलने वाली ट्रेन लंबी दूरी के यात्रियों को नई राहत देगी। यह ट्रेन पश्चिम बंगाल, बिहार और यूपी के प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए हरियाणा तक पहुंचेगी। दक्षिण मुंबई के पनवेल से पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू की जा रही है। ये रूट महाराष्ट्र और पूर्वी भारत के बीच मजदूरों और व्यापारियों के आवागमन को सरल बनाएगा। 17 जनवरी को हरी झंडी दिखाए जाने के बाद ये सभी 5 ट्रेनें अपने निर्धारित समय और स्टेशनों की सूची के साथ नियमित परिचालन के लिए उपलब्ध होंगी।







